दिल्ली पुलिस का दावा, शादी से नाखुश थी अपूर्वा, तभी की हत्या


लोकजन टुडे, नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने रोहित शेखर तिवारी की पत्नी अपूर्वा को उनकी कथित तौर पर हत्या करने के मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों अपनी शादी से खुश नहीं थे और उनमें लगातार झगड़े होते रहते थे। रोहित शेखर की 16 अप्रैल को कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी।
अपूर्वा से इस मामले में गत रविवार से पूछताछ की जा रही थी। वह लगातार अपने बयान बदल रही थी जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। रोहित की मां उज्ज्वला ने रविवार को अपनी बहू अपूर्वा और उसके परिवार पर लालची होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वे पारिवारिक संपत्ति हड़पना चाहते थे। उन्होंने पहले कहा था कि दंपति के बीच शादी के पहले दिन से ही झगड़े हो रहे थे।
बताया जा रहा है कि हो सकता है कि रोहित की हत्या से पहले कोई नशीला पदार्थ दिया गया हो क्योंकि रोहित के कुछ अंग नीले पड़े थे। हालांकि इस मामले में अभी भी कई बातें सामने आना बाकी हैं। एम्स में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्या का एक मामला दर्ज किया और यह मामला जांच के लिए अपराध शाखा के पास भेज दिया था। एम्स फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ सुधीर गुप्ता ने बताया था कि मेडिकल बोर्ड सर्वसम्मति से इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि इस मामले में गला दबाने और मुंह एवं नाक बंद करने के चलते दम घुटने से मौत हुई है। यह अचानक से हुई अस्वभाविक मौत है, जो हत्या की श्रेणी में आता है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *