उत्तराखंड में मौसम बरपा रहा है कहर, सितारगंज में बुजुर्ग की मौत

Share your love

लोकजन टुडे, देहरादूनः पिछले कुछ दिनों से गरमी की मार झेल रहे उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली। आधी रात के बाद राहत की बौछारों से तापमान में भी गिरावट आई। बारिश के दौरान आंधी व तूफान के चलते सितारगंज में छप्पर में दबने से बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चमोली और उत्तरकाशी में तीन लोग घायल हो गए। वहीं, बारिश से विभिन्न स्थानों में जंगलों में लगी आग भी बुझ गई। इससे वन विभाग ने राहत की सांस ली।

सितारगंज में पीलीभीत रोड के गोविंदपुर गांव में बेटी के घर आए वृद्ध के ऊपर तेज हवा के कारण छप्पर गिर गया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई है। इसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
थाना पुलभट्टा के ग्राम सेमलपुरा निवासी 68 वर्षीय धर्मपाल पुत्र सुंदरलाल गोविंदपुर गांव में मंगलवार को बेटी के घर आए थे। उनका दामाद लालाराम परिवार के साथ पूर्णागिरी दर्शन को गया है। धर्मपाल घर में अकेले थे। मंगलवार की रात वह झोपड़ी में सो रहे थे।

बुधवार की सुबह तेज हवा चलने के बाद वह घर में बंधी गाय की रस्सी खोलने के लिए उठे। जैसे ही वह रस्सी खोलने पहुंचे। तेज हवा के कारण छप्पर उनके ऊपर गिर गया। छप्पर में बंधी लकड़ियां लगने से उनकी मौत हो गई। घटनास्थल गांव से कुछ दूरी पर होने के कारण जब हवा रुकी तो गांव के लोग बाहर निकले। उन्होंने लालाराम का छप्पर गिरा देखा।
इसके बाद ग्रामीणों ने छप्पर के मलबे को हटाया। छप्पर के नीचे धर्मपाल का शव मिला। इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को हादसे के बाद दे दी गई है। कई घंटा बीतने के बाद भी कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

गत देर शाम उत्तरकाशी और चमोली में मौसम ने करवट बदली। तूफान के दौरान चमोली के एक गांव में पेड़ टूटने से दो लोग घायल हो गए। वहीं उत्तरकाशी जिले में तूफान के दौरान पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आकर एक ट्रक चालक जख्मी है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *