अक्षय तृतीया पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुआ भव्य चारधाम यात्रा का श्रीगणेश

Share your love


लोकजन टुडे, उत्तरकाशीः आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो गया। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल एवं सचिव दीपक सेमवाल ने बताया कि भ्ौरोंघाटी में पूरी रात भजन—कीर्तन किया गया।
यहां श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई। मंगलवार सुबह गंगा जी की डोली यात्रा गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। गंगोत्री पहुंचकर वहां गंगा स्तोत्र, गंगा लहरी एवं गंगा सहस्त्रनाम पाठ कर गंगा का अभिषेक किया गया। अभिजीत मुहूर्त में पूर्वाह्न 11ः30 बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट खोले गए। विधि विधान एवं विशेष पूजा—अर्चना के साथ गंगा जी की भोग मूर्ति को मंदिर के भीतर विराजमान किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने मंदिर के भीतर जल रही अखंड ज्योति के दर्शन का पुण्य लाभ भी अर्जित किया। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत, गंगोत्री विधायक गोपाल रावत, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, गढ़वाल कमिश्नर बीवीआरसी पुरुषोत्तम, एसपी पंकज भट्ट और मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।

यमुनोत्री धाम के कपाट भी खुले
वहीं इसके साथ ही मां यमुना की डोली को खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम के लिए विदा किया गया। मंदिर समिति के प्रवक्ता बागेश्वर उनियाल ने बताया कि विशेष धार्मिक अनुष्ठान के बाद सुबह 9 बजे मां यमुना की मूर्ति को यमुना मंदिर से बाहर निकाला गया।

इसके बाद शनि देवता की अगुवाई में सभी श्रद्धालु मां यमुना की डोली को लेकर यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां विशेष पूजा अर्चना के बाद दोपहर 1ः15 बजे के शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट खोल दिए गए।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया
वहीं हैदराबाद से चारधाम यात्रा पर आए 60 वर्षीय वी विरेशम की जानकीचट्टी स्थित होटल में मौत होने की सूचना है। परिजन उन्हें बड़कोट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया है। पुलिस के अनुसार तीर्थयात्री की मौत संभवत हार्ट अटैक से हुई है। पोस्टमार्टम नहीं होने से मौत के कारणों का सही पता नहीं चल सका।
कपाटोद्घाटन की तिथि करीब आते ही बदरीनाथ पहुंचे तीर्थयात्री
बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन की तिथि करीब आते ही तीर्थयात्री धाम पहुंचने लगे हैं। दिल्ली, गुजरात और उत्तर प्रदेश के तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंचने लगे हैं। तीर्थयात्रियों ने सोमवार को सुबह तप्तकुंड में स्नान कर बदरीनाथ के सिंहद्वार पर मत्था टेका।

बदरीनाथ धाम के कपाट अभी बंद हैं, लिहाजा तीर्थयात्री अभी सिंहद्वार से आगे नहीं जा सकते हैं। धाम में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। सुबह और शाम को यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बदरीनाथ—केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारी और कर्मचारीगण यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

बदरीनाथ के बस स्टैंड, विजयलक्ष्मी चौक और मुख्य बाजार में अधिकांश दुकानें खुल गई हैं। व्यवसायी अपनी दुकानों को सजाने में लगे हुए हैं। यात्रा पड़ाव पीपलकोटी, जोशीमठ, चमोली, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर, गोविंदघाट और पांडुकेश्वर में भी चहल—पहल शुरू हो गई है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *