टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में खेल सकती है अपना दूसरा पिंक बॉल टेस्ट मैच!

Share your love

LokJan Today (Cricket): भारतीय क्रिकेट टीम इस साल विराट कोहली की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाली है जहां उसे कंगारू टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। इस टेस्ट सीरीज का एक मैच डे-नाइट हो सकता है यानी एक मैच दिन और रात का खेला जा सकता है। ये जानकारी बीसीसीआइ के सूत्रों ने पीटीआइ को दी।

बीसीसीआइ के एक सूत्र ने अपना नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने की संभावना है। आपको बता दें कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार है।

भारतीय क्रिकेट टीम ने विराट कोहली की कप्तानी में अपना पहले डे-नाइट टेस्ट मैच पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला था और इस मैच में भारत को बड़ी जीत मिली थी। ऑस्ट्रेलिया की टीम साल 2020 के शुरुआत में भारत दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने आई थी और इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने पर अपनी सहमति जताई थी।

ऑस्ट्रेलिया में डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने को लेकर विराट ने कहा था कि हम वहां पर मिलने वाली हर चुनौती के लिए तैयार हैं। हम किसी भी मैदान पर चाहे वो गाबा हो या फिर एमसीजी खेलने के लिए तैयार हैं और जगह कोई मायने नहीं रखता। डे-नाइट टेस्ट मैच किसी भी टेस्ट सीरीज का रोमांचक हिस्सा बन गया है और हम दिन-रात का टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं। आपको बता दें कि भारत ने 2018-19 में एडिलेड में डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने का ऑस्ट्रेलिया के प्रस्ताव को मानने से इंकार कर दिया था। उस वक्त ये कहा गया था कि भारत के पास इस तरह से खेलने का अनुभव नहीं है। अगर भारत इस साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डे-नाइट टेस्ट मैच खेलता है तो ये उसका दूसरा डे-नाइट मैच होगा।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *