गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर परेड के पूर्वाभ्यास का एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय कोंडे ने किया निरिक्षण !

Share your love

लोकजन टुडे, ब्यूरो

रुद्रप्रयाग जनपद में आगामी 77वें गणतंत्र दिवस को भव्य, गरिमामय एवं अनुशासित रूप से मनाने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री अक्षय प्रल्हाद कोंडे द्वारा जनपद के ऐतिहासिक गुलाबराय मैदान में आयोजित परेड पूर्वाभ्यास (Rehearsal) का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड में सम्मिलित विभिन्न टुकड़ियों के मार्च-पास्ट, अनुशासन एवं तालमेल का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि गणतंत्र दिवस परेड राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, अतः इसमें अनुशासन, समन्वय और उत्साह का उच्चतम स्तर सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निम्न निर्देश दिए गए—
भव्यता एवं अनुशासन: परेड प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए।
साफ-सफाई एवं टर्नआउट: परेड में शामिल सभी अधिकारी एवं कर्मचारी वर्दी, साज-सज्जा एवं व्यक्तिगत टर्नआउट का विशेष ध्यान रखें।
सुरक्षा व्यवस्था: कार्यक्रम स्थल सहित जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए।
विदित हो कि जनपद स्तरीय मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह ऐतिहासिक गुलाबराय मैदान में आयोजित किया जाना सुनिश्चित किया गया है, जहाँ पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों के साथ-साथ अन्य विभागों की झांकियाँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी श्री विकास पुण्डीर तथा प्रतिसार निरीक्षक श्री कैलाश चन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.