वृक्षारोपण से ही जीत सकते हैं कोरोना से जंग: नगर आयुक्त

Share your love

रिपोर्ट: सैयद मशकूर

सहारनपुर: सहारनपुर को कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भागेदारी करते हुए बुधवार को रेलवे काॅलोनी भटियारी बाग में ठंडी सड़क पर वृक्षारोपण किया।

नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय पार्षद व रेलवे के सहयोग से वार्ड 15 में वृहद वृक्षारोपण कर वार्ड 15 को सबसे पहले ग्रीन जोन में तब्दील कर कार्बन न्यूट्रल बनाया जायेगा। नगर निगम द्वारा सहारनपुर को कार्बन न्यूट्रल बनाने की मुहिम के तहत कराये जा रहे वृक्षारोपण में बुधवार को रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी हिस्सेदारी करते हुए अभियान में सहयोग का भरोसा दिया।

वार्ड 15 के पार्षद चरणजीत सिंह निक्कू के संयोजन में भटियारी बाग रेलवे काॅलोनी में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह, पार्षद चरणजीत सिंह निक्कू, रेलवे के सीनियर सेक्शन आॅफिसर पंकज कुमार, उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के अध्यक्ष शशिकुमार, सचिव व लोको इंस्पैक्टर रामप्रीत व संजीव धीरज के अलावा राजऋषि पर्यावरण समिति की अध्यक्ष सुषमा बजाज, निगम मीडिया प्रभारी डाॅ.वीरेन्द्र आज़म आदि ने ठंडी सड़क स्थित पार्क में वृक्षारोपण किया।

पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू ने नगरायुक्त को बताया कि लकड़ी के रेलवे पुल से सेंटमेरी की ओर जाने वाली सड़क पर दोनों ओर इतने घने पेड़ थे कि ब्रिटिश काल में इसे ठंडी सड़क कहा जाता था। इस सड़क पर अंग्रेज अफसर सुबह-शाम टहलते थे। दोनों ओर अंग्रेज अफसरों के बंगले थे और आम हिन्दुस्तानी का इस सड़क पर आना प्रतिबंधित था।

नगरायुक्त ने कहा कि इस सड़क को ही नहीं पूरे वार्ड को पार्षद चरणजीत सिंह निक्कू व रेलवे के सहयोग से वृक्षों से आच्छादित कर महानगर का सबसे पहला कार्बन न्यूट्रल वार्ड बनाया जायेगा। ठंडी सड़क पहले से ज्यादा ताज़ी हवादार और ठंडी होगी। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के माध्यम से ही हम वायुमंडल को कार्बन न्यूट्रल कर कोरोना जैसी महामारी से जंग जीत सकते हैं।
पार्षद निक्कू ने बताया कि वार्ड 15 में काफी हरियाली है, लेकिन इसके बावजूद यहाँ अनेक स्थान और मैदान खाली होने के कारण वृक्षारोपण की काफी संभावनाएं है।

निक्कू ने विश्वास दिलाया कि महानगर को कार्बन न्यूट्रल बनाने की मुहिम में वार्ड 15 निश्चय ही सबसे आगे रहेगा। कार्यक्रम में प्रदीप शर्मा,बलजीत जायसवाल, योगराज सैनी, सुनील शर्मा, अश्विनी मिंटा, संजय सिंह, मोहित गोयल, राहुल व विकास शर्मा आदि शामिल रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *