नगर निगम युद्ध स्तर पर करा रहा नालों की सफाई, नगरायुक्त ने दिए नाला निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश

Share your love

रिपोर्ट: सैयद मशकूर

सहारनपुर: नगर निगम निकट भविष्य में मानसून को ध्यान में रखते हुए एक तरफ जहां नालों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर करा रहा है, वहीं दूसरी तरफ जलभराव वाले क्षेत्रों में अधूरे पड़े नालों का निर्माण भी तेज कर दिया है। नाला सफाई के लिए नगर निगम ने तीन जेसीबी और तीन पोकलेन मशीन कार्य में लगाई है।
निकट भविष्य में जल्द ही मानसून आने की संभावना को देखते हुए नगर निगम द्वारा अप्रैल माह से शुरु किया गया नालों की सफाई का कार्य अब युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है।

नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शहर के अनेक नालों में कूड़ा—कचरा जमा रहने से पानी का प्रवाह कम हो जाता है और जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है, जिससे लोगों को काफी जूझना पड़ता है। जलभराव की इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए अप्रैल माह से शुरू किया गया नालों की सफाई का कार्य अब युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है और 30 जून तक सभी नालों की सफाई का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 80 प्रतिशत नालों की सफाई का कार्य हो चुका है, बाकि नालों की सफाई 30 जून तक पूरी करा दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि लेबर कालोनी सहित करीब एक दर्जन कालोनियों के लोग पिछले 50 वर्ष से क्रेगी नाले में जल का प्रवाह कम होने से जलभराव की समस्या से जूझते रहे हैं, लेकिन अंबाला रोड पर इस नाले की पुलिया का निर्माण होने से पचास वर्ष पुरानी उक्त समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को शीघ्र अतिशीघ्र पुलिया निर्माण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने बताया कि नालों की सफाई के लिए तीन जेसीबी और तीन पोकलेन मशीन कार्य में लगाई गई हैं। मल्हीपुर रोड, वार्ड 23 में जुबली पार्क के निकट तथा जनता रोड पर वार्ड 13 में ब्लॉक के सामने नालों की सफाई के लिए पोकलेन मशीन तथा आली की चुंगी पर क्रेगी नाला, वार्ड 8 नाजिरपुरा और देहरादून रोड पर राकेश कैमिकल के निकट नालों की सफाई का कार्य जेसीबी की मदद से किया जा रहा है।

तोमर ने बताया कि शहर में कुछ नालों के निर्माण कार्य के कारण अनेक क्षेत्रों में जलभराव हो गया है, इन नालों के निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश नगरायुक्त ने दिए हैं। उन्होंने बताया कि कांशीराम कालोनी के नाला निर्माण के कारण इंद्रप्रस्थ और 100 फूटा नाला निर्माण कार्य के कारण पास के क्षेत्र में जलभराव है। उन्होंने बताया कि नंदपुरी, छाबड़ा कालोनी तथा पेपर मिल रोड पर पम्प चलाकर पानी निकाला जा रहा है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *