रुद्रपुर में तेंदुए की दहशत, विधायक शिव अरोरा तेंदुए के बेहद करीब पहुँचे, तत्काल किया गया रेस्क्यू !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो देहरादून

विगत दो दिनों से सिडकुल स्थित नील ऑटो कंपनी के गेट के पास तेंदुए की लगातार दस्तक से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। तेंदुए की मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोग भयभीत हैं और लगातार वन विभाग व प्रशासन को सूचना दे रहे थे।


सूचना मिलते ही विधायक शिव अरोरा डीएफओ, वन विभाग की टीम, तहसीलदार और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि तेंदुआ पास ही गेहूं के खेत के आसपास नजर आया है। इस पर विधायक शिव अरोरा ने बिना कोई देरी किए वन विभाग और प्रशासनिक टीम के साथ सीधे खेत में पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।


जनप्रतिनिधि के रूप में विधायक शिव अरोरा ने तत्परता दिखाते हुए जान जोखिम में डालकर तेंदुए के बेहद करीब तक पहुँचकर हालात का निरीक्षण किया। विधायक और तेंदुए के बीच महज कुछ कदमों की दूरी थी, जिससे स्थिति अत्यंत संवेदनशील बनी हुई थी। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है कि दिन के समय आबादी वाले क्षेत्र में तेंदुआ खुलेआम नजर आ रहा है।


मौके पर ही विधायक शिव अरोरा ने डीएफओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र की जनता की जान को किसी भी हाल में खतरे में नहीं डाला जा सकता और तेंदुए को अविलंब सभी आवश्यक नियमों का पालन करते हुए जाल बिछाकर सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया जाए। विधायक के निर्देशों के बाद वन विभाग ने तुरंत मौके पर जाल और रेस्क्यू से संबंधित आवश्यक उपकरण मंगवाकर कार्रवाई शुरू कर दी।


विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वे अपनी क्षेत्र की जनता की जान जोखिम में नहीं डाल सकते, इसी कारण वे स्वयं ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर वन विभाग से तेंदुए के रेस्क्यू की तैयारियों को अपने सामने पूर्ण करा रहे हैं।


विधायक शिव अरोरा ने सिडकुल क्षेत्र, आसपास के गांवों और रुद्रपुर के लोगों से अपील की कि तेंदुए की गतिविधि लगातार नजर आ रही है, ऐसे में अपनी सुरक्षा को देखते हुए शाम के समय अकेले बाहर न निकलें। जब तक तेंदुए का रेस्क्यू नहीं हो जाता या यह पुष्टि नहीं हो जाती कि आसपास अन्य कोई तेंदुआ मौजूद नहीं है, तब तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सतर्क रहें।


इसके साथ ही विधायक ने वन विभाग को तेंदुए की दस्तक वाले क्षेत्रों में कैमरे लगाने और वन विभाग की टीमों की पेट्रोलिंग गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा उनके लिए सर्वोपरि है और इसके लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, वन विभाग को पूरी तरह से मुस्तैद किया गया है। वन विभाग की टीमें पूरी तरह सतर्क और चौकन्नी हैं।


इस दौरान डीएफओ उमेश कुमार तिवारी, तहसीलदार दिनेश कुमार, वन दरोगा विपिन पाण्डेय, सिडकुल चौकी पुलिस तथा वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.