लोक जन टुडे ब्यूरो देहरादून

जय जवान–जय किसान की थीम पर गौचर में राज्य स्तरीय किसान दिवस ऐतिहासिक आयोजन, किसानों से रू-बरू हुए मुख्यमंत्री व केन्द्रीय कृषि मंत्री
राज्य स्तरीय किसान दिवस कार्यक्रम की थीम “जय जवान–जय किसान” के तहत आज गौचर मेला मैदान में भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड श्री पुष्कर सिंह धामी एवं माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय केन्द्रीय कृषि मंत्री द्वारा जनपद के किसानों, काश्तकारों एवं स्वयं सहायता समूहों से सीधे संवाद किया गया। उन्होंने खेती-किसानी, स्थानीय उत्पादों के संवर्धन, ग्रामीण आजीविका, नवाचार एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयुक्त कृषि मॉडलों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर आत्मा योजना के अंतर्गत 05 किसानों को “किसान भूषण पुरस्कार” से सम्मानित किया गया, वहीं 05 रिवर्स पलायन कृषकों को भी उनके प्रेरणादायी प्रयासों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।



कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय उत्पादों के स्टॉल, किसानों से सीधा संवाद, एग्री स्टार्टअप्स को मंच एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे किसानों को नवाचार, तकनीकी ज्ञान एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ने का सशक्त मंच प्राप्त हुआ। सीमांत एवं पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों के लिए यह कार्यक्रम विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि यहां की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप खेती एवं आजीविका के वैकल्पिक व टिकाऊ मॉडल प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु एसपी चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस बल सतर्क एवं मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
