दिल्ली-NCR की हवा फिर हुई जहरीली, कई इलाकों में AQI 500 के पार; गाजियाबाद सबसे प्रदूषित!

Share your love

लोकजन टुडे,शीतल सकलानी

नई दिल्ली। दिवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा में कुछ सुधार जरूर देखने को मिला था, लेकिन बुधवार सुबह एक बार फिर प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी। राजधानी से लेकर आसपास के शहरों तक कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह इंडिया गेट के आसपास AQI 242 दर्ज किया गया, जबकि आनंद विहार में सुबह छह बजे यह 303 रहा। हालांकि, सुबह 8:30 बजे तक सामने आए आंकड़ों में कई इलाकों की स्थिति और चिंताजनक नजर आई।

आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के जनपथ में AQI 451 और आनंद विहार में 558 दर्ज किया गया। वहीं पंजाबी बाग में 508, गाजियाबाद में 590, नोएडा में 495, फरीदाबाद सेक्टर-11 में 509 और गुरुग्राम में 400 AQI रिकॉर्ड किया गया।

प्रदूषण में कमी के बाद फिर बिगड़े हालात

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा था। इसके बाद मंगलवार को राजधानी के औसत AQI में कुछ गिरावट दर्ज की गई और यह 300 से नीचे पहुंचा था। लेकिन बुधवार सुबह अलग-अलग निगरानी केंद्रों से आए आंकड़ों ने फिर चिंता बढ़ा दी।

विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा में मौजूद PM 2.5 जैसे बेहद महीन कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में प्रदूषण का बढ़ता स्तर खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है।

फिलहाल दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.