​”रात का सन्नाटा, गोलियों की तड़तड़ाहट और दून पुलिस का अदम्य साहस: जानिए कल रात पटेलनगर क्षेत्र में हुए एनकाउंटर की पूरी कहानी”

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

देहरादून: राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए एसएसपी देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने अपने थाना क्षेत्रों में सघन चैकिंग अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया हुआ है।

उक्त निर्देशों का पालन करते हुए पटेलनगर थाना क्षेत्र में दून पुलिस द्वारा सुचारू रूप से चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है ।

इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 की रात्रि को पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि हाल ही में पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में हुई चोरी और नकबजनी की घटनाओं में संलिप्त शातिर अपराधी एक बार फिर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में देहरादून पहुंचे हैं और अलग-अलग स्थानों पर घूमकर बंद घरों की रैकी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पटेलनगर इंस्पेक्टर पटेलनगर नरेश राठौड़ ने जब स्वयं कमान संभालते हुए क्षेत्र में सघन चैकिंग अभियान शुरू किया, तब नयागांव क्षेत्र में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने सिंहनीवाला की ओर आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाश तेजी से चौकी नयागांव की ओर भागे।

पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के जरिए अन्य थानों को सतर्क करते हुए बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख भुड़पुर के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधा फायर कर दिया, जिससे पुलिस का सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कच्चे रास्ते पर अनियंत्रित होकर उनकी मोटरसाइकिल गिर गई, जिसके बाद बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे।

जंगल में पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने एक बार फिर जानलेवा फायरिंग की। अपनी जान की रक्षा करते हुए पुलिस टीम ने सूझबूझ और जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया, जो दोनों बदमाशों के पैरों पर लगा। तदोपरांत पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

बदमाशों के नाम समीम पुत्र इलियास, निवासी मदरसे के पास बड़ी मस्जिद, रामपुर, थाना गंगनहर, रुड़की, हरिद्वार तथा शहजाद पुत्र इकलाख, निवासी पंपे के सामने कब्रिस्तान के पास, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार है।इन दोनों बदमाशों के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर अधिनियम के तहत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

दोनों बदमाशाें से पटेलनगर पुलिस ने 315 बोर के 02 देशी तमंचे, 04 जिंदा कारतूस, 06 खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त 01 स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना के संबंध में कोतवाली पटेलनगर में अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत नया अभियोग पंजीकृत किया है।पटेलनगर पुलिस टीम के अदम्य साहस, त्वरित निर्णय और सूझबूझ के चलते एक बार फिर दून पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है।

इस सफल ऑपरेशन से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के तहत जनपद में चलाए जा रहे इस प्रकार के अभियानों से आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.