दिल्ली से देहरादून और हरिद्वार का सफर अब दो घंटे में होगा पूरा

देहरादून: केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में वर्चुअल माध्यम से आयोजित लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के मौके पर अनेक घोषणायें की हैं। उन्होंने कहा कि कैलास-मानसरोवर मार्ग बनने पर वह खुद इससे मानसरोवर के दर्शन के लिए जाएंगे। यह प्रोजेक्ट उनका दूसरा सपना है।

चार धाम परियोजना को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे वर्षभर चार धाम यात्रा संचालित होगी। उनका यह पहला सपना पूरा हो रहा है। रुद्रप्रयाग में टनल का निर्माण होने से केदारनाथ व बदरीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। पौड़ी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 119 से सड़क की गुणवत्ता सुधरेगी और चार धाम यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित होगा।

गडकरी ने कहा कि सबकुछ ठीक रहा तो दिल्ली से देहरादून छह लेन एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण 2024 से पहले हो जाएगा। मैं खुद 2024 से पहले दिल्ली से देहरादून दो घंटे में आऊंगा। एक्सप्रेस हाईवे से हरिद्वार को भी जोड़ा जाएगा। इसके बनने से दिल्ली से हरिद्वार भी दो घंटे में पहुंचा जा सकेगा। गडकरी शुक्रवार को उत्तराखंड में 5400 करोड़ लागत से 250 किमी राष्ट्रीय राजमार्गों के वर्चुअल लोकार्पण व शिलान्यास के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक व प्रदेश सरकार के मंत्री व केंद्रीय मंत्रालय और राज्य सरकार के आला अधिकारी भी शामिल हुए।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.