प्रेमनगर थाना अंतर्गत जानलेवा हमला कर लूट की घटना को अंजाम देने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में लूट और जानलेवा हमले की घटना को अंजाम देने वाला एक शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। घटना में थाना प्रभारी प्रेमनगर भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
दिनांक 29/30 अप्रैल 2026 की रात्रि को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पौंधा रोड पर अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां घायल देवराज (ठेकेदार) ने बताया कि काले रंग की कार (गुजरात नंबर) में सवार बदमाशों ने उसकी स्कूटी को रोककर उसे गोली मारी और बैग लूट लिया। बैग में लगभग ₹2 लाख नकद, एक मोबाइल फोन, लेनदेन की डायरी और अन्य दस्तावेज थे।
पुलिस द्वारा तत्काल घायल को उपचार हेतु भेजते हुए बदमाशों का पीछा किया गया। जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई देने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर घायल हो गए।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक अभियुक्त की पहचान
मृतक बदमाश की पहचान अकरम पुत्र मासूम अली, निवासी ग्राम बूंटा, थाना गढ़ी पुख्ता, जनपद शामली (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
गंभीर आपराधिक इतिहास
अकरम वर्ष 2014 में देहरादून के बालावाला क्षेत्र में हुई डकैती और अंकित हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त था। घटना के दौरान उसने अपने साथियों के साथ एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में वह लंबे समय तक फरार रहा और उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था।
अभियुक्त पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। शामली पुलिस द्वारा भी उस पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
बरामदगी
मौके से पुलिस को निम्नलिखित बरामद हुआ:
01 देसी पिस्टल (32 बोर) मय 02 जिंदा कारतूस
01 देसी तमंचा (315 बोर) मय 03 जिंदा कारतूस व 04 खोखा कारतूस
घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (GJ-06-MD-9084)
लूटी गई ₹2 लाख नकदी, मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज
पुलिस कार्रवाई जारी
घटना में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश हेतु जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी देहरादून सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.