2027 चुनावों से पहले शाह का देहरादून दौरा, धामी सरकार की रिपोर्ट कार्ड पर भी रहेगी नजर !

Share your love

रिपोर्ट –शीतल सकलानी

देहरादून, 5 नवंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का दौरा करेंगे। उनके कार्यक्रम में तीन प्रमुख बिंदु शामिल हैं—भाजपा कोर कमेटी की बैठक, पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर प्रदान करना और परेड ग्राउंड में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जनसभा।

भाजपा का कहना है कि इस जनसभा में देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।राजनीतिक विश्लेषक इस दौरे को 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं। अमित शाह अक्सर चुनावी राज्यों में संगठनात्मक समीक्षा और रणनीति तय करने के लिए जाते हैं। कोर कमेटी बैठक में पार्टी की ताकत, कमजोर सीटों और प्रचार की दिशा पर चर्चा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने, धर्मांतरण और नकल विरोधी कानून लाने तथा भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने जैसे कदम उठाए हैं। हाल के एक सर्वे में धामी को देश के दूसरे सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री का स्थान भी मिला है। सरकार आर्थिक वृद्धि, पर्यटन और चार धाम से जुड़ी आधारभूत संरचना के विकास का भी दावा करती है।हालांकि, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, पहाड़ी इलाकों में सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतें तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे मुद्दे अभी भी चर्चा में रहते हैं।

विपक्षी दल भी भूमि संबंधी नीतियों और विकास कार्यों की रफ्तार पर सवाल उठाते रहे हैं।भाजपा इस दौरे को अपनी तैयारियों को मजबूत करने और धामी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का मौका मान रही है। कल का कार्यक्रम राज्य की सियासत पर अगले कुछ महीनों के रुख को प्रभावित कर सकता है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.