थानो रोड पर लूट की कोशिश नाकाम, एसएसपी देहरादून ने किया खुलासा 7 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग शामिल !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो देहरादून

बीते 31 दिसंबर 2025 की रात देहरादून के भंडारी बाग निवासी दीपक कुमार पर उस समय जानलेवा हमला किया गया, जब वे टीएचडीसी टिहरी से अपने चारपहिया वाहन से देर रात वापस लौट रहे थे। थानो रोड से पहले जंगल क्षेत्र में कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। जब आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए, तो उन्होंने हॉकी डंडों से हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।


घटना के बाद पीड़ित द्वारा थाना रायपुर में तहरीर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।


मामले के खुलासे को लेकर एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।


एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान इलाकों में लोगों को भयभीत कर पैसे लूटने के उद्देश्य से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। सभी आरोपी किशोरावस्था के हैं। इनके पास से लाठी-डंडे, एक खुखरी और एक पिस्तौल बरामद की गई है, जो जांच में नकली पाई गई।


एसएसपी ने कहा कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही टाल दिया। वहीं घटना के बाद दो अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.