संवाददाता: करन सहगल
देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है । दून के बहुचर्चित प्रापर्टी डीलर विनय क्षेत्री हत्याकांड में वर्ष 2008 से फरार आरोपित सुमित निवासी जड़ौदा, मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) जो कि जमानत पर बाहर आने के बाद से फरार चल रहा था को पुलिस ने उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी ने बताया कि मोथरोवाला में संपत्ति के विवाद में सात आरोपितों ने 2008 में प्रापर्टी डीलर विनय क्षेत्री की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाश यतेंद्र चौधरी के शामिल होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने हत्यारोपित सभी सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया था।
यतेंद्र और उसके गुर्गे सुमित को कोर्ट से जमानत मिल गई थी, लेकिन वह दोबारा कोर्ट में पेश नहीं हुए।एसआइटी ने हत्या के कई अन्य मामलों में भी आरोपित यतेंद्र को 2013 में गिरफ्तार कर लिया था। सुमित की गिरफ्तारी हेतु माननीय न्यायालय द्वारा कई बार गैर जमानती वारंट जारी किए गए । शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि सुमित मुजफ्फरनगर में अपने घर पर है। पुलिस की एक टीम को वहां भेजा गया अभियुक्त को दबोच लिया गया ।
आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में HCP दालेंद्र चौधरी, आरक्षी आशीष राठी मौजूद थे।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
