जैवलिन थ्रो में एक हाथ से किया कमाल : देवेंद्र ने रजत तो सुंदर ने जीता कांस्य पदक, पीएम ने दी बधाई

Share your love

टोक्यो पैरालंपिक में भारत के खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला। बता दें कि देवेंद्र झाझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर ने एक हाथ से कमाल कर दिखाया। टोक्यो पैरालंपिक में दोनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक एफ-46 वर्ग में क्रमश: रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया। पीएम मोदी ने दोनों को इसके लिए बधाई दी है।

आपको बता दें कि देवेंद्र और सुंदर के पदक जीतने के साथ ही भारत ने इस पैरालंपिक में अब तक सात पदक जीत लिए हैं। दो बार पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र ने 64.35 मीटर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। देवेन्द्र का यह स्कोर उनका निजी बेस्ट स्कोर रहा। देवेन्द्र के अलावा सुंदर ने अपने सीजन का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 64.01 का स्कोर कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस इवेंट से भारत ने दो पदक अपने नाम किए। श्रीलंका के हेरात मुदी यान सैलाजे ने विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए 67.79 का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता।

भारत के एक अन्य पैरा भाला फेंक एथलीट अजीत सिंह इस इवेंट में 56.15 का स्कोर कर आंठवे स्थान पर रहे। भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अब तक एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं। वहीं पीएम मोदी ने मेडल जीतने वाले देवेंद्र झाझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर को फोन लगाकर बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवेंद्र और सुंदर के पदक जीतने पर इन एथलीटों को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “देवेंद्र का बेहतरीन प्रदर्शन। हमारे अनुभवी एथलीट में से एक देवेंद्र ने रजत पदक अपने नाम किया। वह देश को लगातार गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्हें बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.