गर्लफ्रेंड की शादी रोकने को युवक ने लगाई CM से गुहार, कहा- शादी-ब्याह पर लगा दें रोक, रहूँगा आभारी

Share your love

कोरोनावायरस संक्रमण की गति रोक उसकी चेन तोड़ने के लिए बिहार में लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन का विस्‍तार कर 25 मई तक इसके दूसरे चरण को लागू कर दिया गया है। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे लेकर ट्वीट किया, जिसपर बिहार के एक युवक ने उनसे अजीब मांग कर दी है। युवक ने लॉकडाउन के दौरान शादियों पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि आगामी 19 मई को होने जा रही उसकी गर्लफ्रेंड की शादी रुक जाए।

CM नीतीश ने बीते 13 मई को लॉकडाउन-2 की घोषणा सोशल मीडिया के जरिए की थी। उन्होंने लिखा था कि अगले 25 तारीख तक लॉकडाउन रहेगा और इस लॉकडाउन के अंतर्गत कुछ संशोधन किए जाएंगे, ताकि इसका कोरोना में सकारात्मक परिणाम मिले। सीएम के ट्वीट पर पंकज कुमार गुप्ता नाम के एक लड़के ने ऐसा कमेंट किया। उसका यह अजीबो-गरीब कमेंट अब हर जगह वायरल हो रहा है। लोग बड़े मजे लेकर पढ़ रहे हैं।

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को टैग कर अपनी मांग रखते हुए पंकज कुमार गुप्‍ता ने लिखा है कि अगर मुख्‍यमंत्री शादी-विवाह पर रोक लगा देते तो 19 मई को उसकी गर्लफ्रेंड की होने जा रही शादी भी रुक जाती। युवक ने आगे लिखा है कि वह इसके लिए उनका जीवन भर आभारी रहेगा। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार युवक की बात मानें या नहीं, गर्लफ्रेंड की शादी रुकवाने की उसकी मांग ट्विटर पर छा गई है। सैकड़ों लोगों ने उसके ट्वीट को लाइक किया है। कई लोगों ने युवक के समर्थन में मुख्‍यमंत्री से मदद की मांग रखी है। कुछ यूजर्स ने युवक से पूछा है कि शादी रुक जाए तो क्‍या वह लॉकडाउन के बाद गर्लफ्रेंड से शादी कर लेगा? बहरहाल, लॉकडाउन में शादी पर रोक का युवक का ट्वीट चर्चा में है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.