अल्‍मोड़ा में भारी बारिश से मकान ध्वस्त, लोगों ने ऐसे बचाई जान, मान‍िला में स्‍कूटी सह‍ित बहा बैंककर्मी

Share your love

अल्मोड़ा: उत्तराखंड में दो दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जगह जगह भूस्खलन से दुश्वारियां बढ़ने लगी हैं। अतिवृष्टि से लमगड़ा ब्लाॅक के सुदूर डोल आडूखान गांव में मकान ढह गया। गृहस्वामी व परिवार के सदस्यों ने भागकर जान बचाई। मलबे की चपेट में आकर मवेशी घायल हो गए। हालांकि उन्हें बचा लिया गया। उधर अल्मोड़ा घाट पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रोनिक जोन ओखलगाड़ा में भूस्खलन से चौथे दिन भी बंद पड़ा है। भारी बारिश की वजह से मलबा व बोल्डर नहीं हटाए जा सके हैं।

दूसरी ओर खल्टा गधेरे के तेज बहाव में स्कूटी सवार बैंक कर्मी बह गया। ग्रामीणों ने उसे बमुश्किल बचाया। मामला शनिवार की सुबह का है। मानिला के कुणीधार निवासी शंकर दत्त भट्ट भिकियासैंण स्थित यूको बैंक शाखा में कार्यरत हैं। वह रोज की तरह स्कूटी से बैंक कार्यालय के लिए रवाना हुए। नैलवाल पाली गांव के पास उफनाया खल्टा गधेरा पार करते समय बैंक कर्मी स्कूटी समेत पानी तेज बहाव में बहते हुए सड़क सेस नीचे पहुंचे पहुंच गए। संयोगवश भिकियासैंण की ओर से आ रही यात्री जीप में बैठे युवाओं ने उफनाए गधेरे से बैंक कर्मी को जैसे तैसे बचाया। दोपहिया वाहन गधेरे में दूर तक बहता चला गया।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.