2027 में कांग्रेस का लक्ष्य 45 सीटें, CM चेहरे पर हरीश रावत ने कही बड़ी बात!

Share your love

लोकजन टुडे,शीतल सकलानी

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर अपनी स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में कांग्रेस की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला पार्टी हाईकमान और राहुल गांधी करेंगे। फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान चुनाव जीतने पर है।

हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस में कई योग्य और सक्षम नेता हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह फैसला चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य विधानसभा में 45 का आंकड़ा पार करना है। इसके लिए पार्टी को कम से कम 45 विधायकों की जरूरत है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पार्टी ने उन्हें उनकी क्षमता के अनुसार सरकार और संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। वह इन पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब पार्टी में कई दूसरे योग्य नेता भी मौजूद हैं।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की रैलियों का खाका तैयार किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए गढ़वाल और कुमाऊं के साथ मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति है।

कांग्रेस आगामी चुनाव में बेरोजगारी, अग्निपथ योजना और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा सकती है। ऐसे में हरीश रावत का मुख्यमंत्री पद को लेकर दिया गया बयान चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति और नेतृत्व को लेकर अहम माना जा रहा है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.