अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंडियों के लिए सरकार ने जारी किया टोल फ्री नंबर

Share your love

देहरादून: अफगानिस्तान में फंसे व्यक्तियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दी जा सकती है। इसके साथ ही सरकार ने अफगानिस्तान से वापस आने के इच्छुक व्यक्तियों के स्वजन से अपने जिले के जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर संबंधित व्यक्ति के पासपोर्ट व अन्य विवरण देने को कहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंड के व्यक्तियों को वापस लाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने उनसे अफगानिस्तान में फंसे प्रदेशवासियों को वहां से जल्द निकालने का अनुरोध किया।

अफगानिस्तान में इस समय सत्ता बदल चुकी है। वहां अभी युद्ध का माहौल है। अफगानिस्तान में उत्तराखंड के कई व्यक्ति विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। अफगानिस्तान के माहौल को देखते हुए यहां उनके स्वजन खासे चिंतित हैं। वे इस संबंध में इंटरनेट मीडिया व अन्य स्रोतों के माध्यम से मुख्यमंत्री व सरकार से अपनों की सकुशल वापसी के लिए गुहार लगा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार ने अब अफगानिस्तान में फंसे प्रदेशवासियों को वापस लाने के लिए कवायद शुरू कर दी है।

इसके तहत सरकार ने स्वदेश वापस आने के इच्छुक व्यक्तियों के स्वजन से पासपोर्ट समेत सभी जानकारियां जिलाधिकारी अथवा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि उनकी सूची तैयार कर केंद्र को भेजी जा सके। इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दी जा सकती है। इस नंबर का इस्तेमाल पुलिस से सहायता लेने और साइबर फ्राड की जानकारी देने के लिए होता है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.