देहरादून में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिले में 20 एक्टिव केस!

Share your love

लोकजन टुडे, देहरादून

देहरादून। जिले में डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। हालांकि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने साफ किया है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिले में डेंगू के 20 एक्टिव केस हैं और अब तक डेंगू से किसी भी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।

सीएमओ के मुताबिक, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और व्यापक स्तर पर की जा रही जांच के चलते डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार फील्ड में रहकर निगरानी और बचाव के कार्य कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए तैनात वॉलंटियर्स को नवंबर के अंत तक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को उम्मीद है कि 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने से डेंगू के मामलों में कमी आएगी और नवंबर के अंत तक इसका प्रभाव काफी हद तक खत्म हो जाएगा।

सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें और डेंगू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.