भारी बर्फबारी के बाद अवरुद्ध अधिकांश सड़क मार्गों को सुचारु कर दिया गया है: प्रशांत आर्य उत्तरकाशी डीएम

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी के बाद अवरुद्ध हुए अधिकांश सड़क मार्गों को सुचारु कर दिया गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने इस दौरान चौरंगीखाल सड़क मार्ग का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बर्फबारी के कारण बाधित हुए यातायात और मार्ग की स्थिति का जायजा लिया।


जिलाधिकारी ने सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों से बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी रखा जाए, ताकि आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय आवाजाही में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने फिसलन वाले संवेदनशील क्षेत्रों में चूना और नमक के छिड़काव के साथ-साथ चेतावनी बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बिजली, पानी और राशन जैसी आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने आम जनमानस से अपील की है कि अत्यधिक बर्फबारी और पाले के दौरान सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही इन मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी हेतु विशेष टीमों की तैनाती भी कर दी गई है।


इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं उपस्थित रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.