धामी सरकार प्रदेश के समग्र विकास को संकल्पबद्ध, चौखुटिया में भी हुई विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति-बिट्टू कर्नाटक

Share your love

लोक जन टुडे ब्यूरो देहरादून


पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा जनता से किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि चौखुटिया में जनता की मांग पर चिकित्सालय में बाल रोग विशेषज्ञ एवं महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति कर दी गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत ‘यू कोट, वी पे’ मॉडल के तहत चयनित सात विशेषज्ञ चिकित्सकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया, डीडीहाट, बीरोंखाल एवं उप जिला चिकित्सालय गैरसैंण में तैनात किया गया है।

इनमें एनेस्थेटिस्ट, पीडियाट्रिशियन और ऑब्स्टेट्रिक एवं गायनी विशेषज्ञ शामिल हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।


बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि सीमांत और दूरदराज क्षेत्रों तक योजनाओं को सीधे पहुंचाने के लिए “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जिससे जनता को अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, कृषि, सिंचाई, फसल बीमा, छात्रवृत्ति, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर तेजी से कार्य कर रही है। महिलाओं के लिए गौरा देवी कन्या धन योजना,

मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वहीं युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता और सब्सिडी दी जा रही है।


कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे चहुंमुखी विकास के कारण विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसी वजह से कांग्रेस मुद्दा-विहीन आंदोलन कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और ऐसे आंदोलनों से कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिलने वाला।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.