20 प्रतिशत टिकट पूर्व सैनिकों को देगी कांग्रेस: हरीश रावत

Share your love

देहरादून: सैनिक बाहुल्य उत्तराखंड में हर चुनाव में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के वोट निर्णायक भूमिका निभाते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इसे भुनाने की कोशिश में है। इस लिहाज से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस की प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने बड़ी घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 20 प्रतिशत सीट पर प्रत्याशी के रूप में पूर्व सैनिकों को उतारेगी। जो पूर्व सैनिक कांग्रेस से जुड़े हैं, उनसे कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों से जुड़ें। टिकट देने से पहले जीतने की संभावना वाले पूर्व सैनिकों को तरजीह दी जाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत रविवार को राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित ‘प्रियदर्शनी शौर्य सम्मान’ को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में 300 से अधिक शहीद सैनिकों के स्वजन और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। समारोह में हरीश रावत ने कहा कि आज हम महान नेता इंदिरा गांधी और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र हुए हैं। कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने कौशल और विद्वता से देश को प्रगति के पथ पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गरीबी निवारण के साथ बैैंकों के राष्ट्रीयकरण और बीस सूत्री जैसे विकासोन्मुखी कार्यक्रम शुरू किए।

साथ ही सामाजिक समरसता और सद्भाव को मजबूत बनाने की दिशा में अनेकों उल्लेखनीय कार्य किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन (सेनि.) बलवीर सिह रावत और संचालन मेजर (सेनि.) हरि सिंह चौधरी ने किया। कार्यक्रम में गोदावरी थापली, पूर्व विधायक राजकुमार, सागर मनवाल, राकेश नेगी, ललित भद्री, विरेंद्र पोखरियाल का विशेष सहयोग रहा।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.