हल्द्वानी: इश्क में इन्कार मिला तो दो युवकों ने नाबालिग की कर दी हत्या, जंगल में मिला शव

Share your love

हल्द्वानी:इश्क में इन्कार मिला तो दो युवकों ने नाबालिग बच्ची की हत्या कर दी। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल के पास से किशोरी का शव बरामद किया है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र निवासी दो युवक आलमारी बनाने का कार्य करते हैं। युवकों का कहना है कि मृतक लड़की से उनका इश्क था। लड़की ने जब स्वीकार नहीं किया तो उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ में लगी हुई है।

बीते 29 सितंबर को 15 वर्षीय किशोरी निदा खान घर से गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चलने पर स्वजनों ने बनभूलपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जहां पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके खोजबीन आरंभ कर दी थी। मामले की जांच में दो युवकों का नाम सामने आने के बाद दोनों से पुलिस ने सख्ती दिखाई। जिसके बाद युवकों के बयान के आधार पर नाबालिग का शव रेलवे लाइन के समीप जंगल से बुधवार की सुबह बरामद हुआ। माना जा रहा है कि गला दबाकर हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं क्षेत्र में हत्या की खबर जब पुलिस के बड़े अधिकारियों को मिली तो हड़कंप की स्थिति बन गई।

एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी, सीओ सिटी शांतनु परासर, एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र आदि ने आंवला गेट के पास जंगल में मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से कई चीजों को सैंपल के तौर पर एकत्र भी किया है। फिलहाल दोनों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। सीओ सिटी शांतनु परासर ने बताया कि एकतरफा प्यार की कहानी प्रतीत हो रही है। जिसके चलते नाबालिग की हत्या की गई है। सीओ ने बताया कि पूरी तरह से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले की जांच जारी है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.