चक्काजाम के चलते दिल्ली के दस मेट्रो स्टेशनों को किया बंद

Share your love

नई दिल्ली: दिल्‍ली के दस मेट्रो स्‍टेशनों को बंद कर दिया गया है। किसानों के चक्‍काजाम के ऐलान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। दिल्‍ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने कहा कि असुविधा के लिए खेद है लेकिन सुरक्षा कारणों से दस मेट्रो स्‍टेशनों को आज भर के लिए बंद किया गया है।

दरअसल कृषि कानूनों का विरोध कर रहे 40 किसान संगठनों ने आज दोपहर 12 से 3 बजे तक देशभर में चक्काजाम का ऐलान किया है। इससे पहले ही दिल्ली में एहतियातन 10 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। इनमें मंडी हाउस, ITO, दिल्ली गेट, विश्वविद्यालय, खान मार्केट, नेहरू प्लेस, लाल किला, जामा मस्जिद, जनपथ और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। यहां कुल 285 मेट्रो स्टेशन हैं।

किसान संगठनों का दावा है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा। जरूरी सेवाओं जैसे एंबुलेंस, स्कूल बस को नहीं रोका जाएगा। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को इस जाम से अलग रखा गया है। इस पर भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली में तो हर दिन जाम जैसे हालात रहते हैं, ऐसे में यहां जाम की क्या जरूरत है। हालांकि, उन्होंने यूपी और उत्तराखंड को इससे अलग रखने की वजह नहीं बताई। यह जरूर कहा कि इन दोनों राज्यों से किसानों को स्टैंडबाई पर रखा गया है और उन्हें किसी भी वक्त बुलाया जा सकता है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.